विश्व प्रसिद्ध त्रियूंड अब होगा पहला ईको-फ्रेंडली ट्रैक

By: Aug 6th, 2026 12:52 am

पर्यटक स्थल पर प्लास्टिक की बोतलों पर लगेगा पूर्ण बैन, एक साल में 77 हजार से ज्यादा सैलानियों ने किया दीदार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
विश्व प्रसिद्ध त्रियूंड ट्रैक अब पर्यटकों के लिए और अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण-अनुकूल होने जा रहा है। धौलाधार की खूबसूरत वादियों में बसे इस एडवेंचर ट्रैक पर जल्द ही पीने के पानी की स्थायी सुविधा उपलब्ध होने वाली है। वन विभाग की वृहद कार्ययोजना के मुताबिक, जैसे ही ट्रैक पर पानी की आपूर्ति सुचारू होगी, यहां पर्यटकों के प्लास्टिक की पानी की बोतलें ले जाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। ट्रैक को संवारने के लिए विभाग ने प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ किए बिना सुविधाओं के विस्तार का खाका तैयार कर लिया है। पर्यटकों की बढ़ती आमद को देखते हुए वन विभाग ने प्रबंधन में भी अहम बदलाव किए हैं। धर्मशाला के डीएफओ अमित शर्मा ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष (मार्च तक) कुल 77,667 पर्यटकों ने त्रियूंड ट्रैक का रोमांचक सफर तय किया। गल्लू और भागसूनाग सहित चार चेक पोस्टों पर की गई टिकटिंग से विभाग को 75,76,912 रुपए का बंपर राजस्व प्राप्त हुआ है।

वहीं, इस साल जुलाई तक 33,221 भारतीय और 613 विदेशी पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं। विभाग में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए, इस वर्ष चेक पोस्ट संचालन और पर्यटकों के नियमन का कार्य 86 लाख रुपए के ओपन टेंडर के माध्यम से थर्ड पार्टी को सौंप दिया गया है। ट्रैक की संवेदनशीलता को देखते हुए वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यहां किसी भी प्रकार का भारी कंक्रीट निर्माण नहीं किया जाएगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए केवल बैठने की व्यवस्था, दिशा-सूचक बोर्ड (साइनेज) और अन्य जरूरी न्यूनतम सुविधाएं ही विकसित की जाएंगी। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए वन विभाग ने नई पहल की है। हाल ही में पूरे ट्रैकिंग रूट पर स्थानीय बांस से बने 50 ईको-फ्रेंडली डस्टबिन स्थापित किए
गए हैं।

खतरनाक ढलानों-खाइयों से बचने का आह्वान
डीएफओ अमित शर्मा ने पर्यटकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि त्रियूंड एक एडवेंचर ट्रैक है, इसलिए सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने पर्यटकों को खतरनाक ढलानों-खाइयों से दूर रहने तथा भारी बारिश या बर्फबारी में ट्रैकिंग से बचने की सलाह दी है। उन्होंने संकेत दिया है कि वन विभाग त्रियूंड ट्रैक के बेहतर प्रबंधन को जल्द ही दो अन्य अहम कदम भी उठाने जा रहा है, जिनकी विधिवत घोषणा आने वाले समय में की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App