बीच रास्ते में हांफी एचआरटीसी बस
कलसुईं के पास खराब हुई परिवहन निगम की गाड़ी, यात्रियों को करना पड़ा लंबा इंतजार
निजी संवाददाता-मैहला
चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चंबा-चौभिया रूट की बस बीच रास्ते में तकनीकी खराबी आने से बंद हो गई। बस के अचानक खराब होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लंबे इंतजार के बाद भी खराबी दूर नहीं होने पर निगम ने दूसरी बस भेजकर यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। जानकारी के अनुसार चंबा से चौभिया जा रही एचआरटीसी बस कलसुईं के समीप अचानक तकनीकी खराबी के कारण रुक गई। चालक और परिचालक ने बस को मौके पर ही ठीक करने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद निगम प्रबंधन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही निगम ने वैकल्पिक बस मौके पर भेजी, जिसमें यात्रियों को स्थानांतरित कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इस दौरान यात्रियों को काफी देर तक सडक़ किनारे इंतजार करना पड़ा।
बसें खराब हो जाने से यात्रियों की मुसीबत बढ़ी
उल्लेखनीय है कि जिले के विभिन्न रूटों पर एचआरटीसी की बसों में तकनीकी खराबी आने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे यात्रियों को बार-बार असुविधा झेलनी पड़ रही है। लोगों ने निगम प्रबंधन से मांग की है कि बसों को रूट पर भेजने से पहले कार्यशाला में उनकी समुचित तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
