सरकार ने वादा नहीं निभाया तो होगा आंदोलन

By: Aug 6th, 2026 12:51 am

भारतीय राज्य पेंशनर्ज महासंघ ने मांगों के पूरा न होने पर जताया रोष, आठ तक बकाया भुगतान की मांग

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-कुनिहार
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ कुनिहार इकाई की बैठक बुधवार को वरिष्ठ नागरिक सभागार में इकाई अध्यक्ष आरपी जोशी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महासंघ के प्रदेश महामंत्री इंद्रपाल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में इकाई के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की शुरुआत में अध्यक्ष आरपी जोशी ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की एकजुटता पर बल दिया। बैठक में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार द्वारा पेंशनरों से किए गए वादों को समय पर पूरा न किए जाने पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 13 मई 2026 को हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के साथ हुई बैठक में जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को संशोधित वेतनमान की बकाया राशि का 40 प्रतिशत भुगतान 31 जुलाई 2026 तक करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 8 अगस्त तक 40 प्रतिशत बकाया भुगतान संबंधी अधिसूचना जारी नहीं की गई तो प्रदेशभर के पेंशनर एकजुट होकर सरकार के विरुद्ध निर्णायक आंदोलन शुरू करेंगे।

बैठक में ये-ये रहे मौजूद
बैठक में जेपी शाह, भवानी शर्मा, मनोहर लाल, भगवान सिंह वर्मा, हर देव, जिया लाल, राम लाल, अशोक कुमार, सुशील कुमार, एसपी शर्मा, आरके धीमान, एएस ठाकुर, उषा शर्मा, विद्या गर्ग, कंचन माला, तारा चंद, हरी दास, सोहन लाल शर्मा, देवी चंद्र ठाकुर, ओमप्रकाश गर्ग, देवेंद्र कुमार कौशल, पीआर कश्यप, जोगेंद्र सिंह और कंवर सिंह मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App