मणिमहेश यात्रा से पहले निरीक्षण…डल तक पहुंचे डीसी ने परखी तैयारियां

By: Aug 6th, 2026 12:50 am

श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण पर प्रशासन का फोकस; बोले, पानी की छोटी बोतलें और नमकीन के पैकेट पर रहेगी रोक

नगर संवाददाता-भरमौर
विश्वप्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने बुधवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ हड़सर से डल झील मणिमहेश तक यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने यात्रा मार्ग पर संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया तथा दुकानदारों से पर्यावरण संरक्षण और मणिमहेश घाटी की प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर छोटी क्षमता वाली पानी की बोतलों तथा नमकीन सहित अन्य छोटे प्लास्टिक पैकेटों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने कहा कि इससे प्लास्टिक कचरे पर नियंत्रण रहेगा और घाटी के संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र व जैव विविधता का संरक्षण सुनिश्चित होगा। इसके अलावा संपूर्ण यात्रा मार्ग पर बीड़ी, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की बिक्री भी प्रतिबंधित रहेगी।

उपायुक्त ने धनछो के समीप दुनाली क्षेत्र में पैदल पुल और सडक़ की मरम्मत तथा सुंदरासी से ग्लेशियर प्वाइंट तक मार्ग के सुधार कार्यों का निरीक्षण कर लोक निर्माण विभाग को इन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, ठहराव स्थलों, शौचालयों और कूड़ा-कचरा प्रबंधन सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण करवाएं और मौसम की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही यात्रा शुरू करें। उन्होंने दोहराया कि इस वर्ष बिना पंजीकरण किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा, उपमंडल दंडाधिकारी अजय कुमार, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रेस क्लब ने एडीएम से उठाए पत्रकारों की सुविधाओं के मुद्दे
भरमौर। श्री मणिमहेश यात्रा 2026 के मददेनजर प्रेस क्लब भरमौर के प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम भरमौर से विकास शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मीडिया समन्वय को सुगम बनाने, प्रभावी सूचना आदान-प्रदान और यात्रा के दौरान पत्रकारों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने जैसे प्रमुख मुददों को उठाया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रशासन और मीडिया के बीच मजबूत सहयोग से तीर्थयात्रियों को सटीक और समय पर जानकारी देने में मदद मिलेगी। एडीएम विकास शर्मा ने सुझावों का स्वागत करते हुए आश्वासन दिया कि प्रशासन यात्रा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने मीडिया को एक महत्वपूर्ण भागीदार बताया और तीर्थयात्रा के दौरान पूर्ण सहयोग का वादा किया। इस मौके पर मनोज ठाकुर, महिंद्र पटियाल, ओपी शर्मा और प्यार सिंह सहित वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App