होर्मुज में जहाजों से टोल वसूलेगा ईरान, संसद में प्रस्ताव मंजूर, फीस के बदले देगा सुरक्षा-बीमा सुविधा

By: Aug 25th, 2026 12:06 am

एजेंसियां — तेहरान, वाशिंगटन

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर अमरीका और ईरान के बीच का विवाद समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। अब इसको लेकर ईरान की संसद ने एक बड़ा कदम उठाया है। रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी संसद ने अब होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल यानी फीस लेने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ईरान ने अब ऐलान कर दिया कि जिन देशों के जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति होगी, उनसे समुद्री सेवाओं के बदले शुल्क लिया जाएगा।

ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता हसन काशकवी ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि फीस के बदले समुद्री सेवाएं, सुरक्षा और इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। वहीं पर्यावरण संबंधी सेवाएं और खास परिस्थितियों में ईंधन भी दिया जाएगा। भुगतान ईरानी रियाल या ईरान की पसंद की किसी दूसरी करंसी में होगा।

हमलावर की शर्तों पर युद्ध खत्म नहीं करेगा तेहरान

तेहरान। ईरान ने कहा है कि वह मौजूदा संघर्ष को उस पक्ष की शर्तों पर खत्म नहीं होने देगा, जिसे वह हमलावर मानता है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ईरान अपने देश की क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह दृढ़ है।

उन्होंने कहा कि ईरानी अधिकारी देश की रक्षा करने और दबाव के जरिए थोपी गई किसी भी मांग को खारिज करने के अपने संकल्प को स्पष्ट कर चुके हैं। श्री बघाई ने कहा कि हम आक्रामकों के प्रति कोई नरमी नहीं बरतेंगे। ईरान ने युद्ध शुरू नहीं किया था और उसने अपने क्षेत्र, संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए कार्रवाई की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App