जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान जरूरी
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठेड़ा में माताओं को दी महत्त्वपूर्ण जानकारी
स्टाफ रिपोर्टर — हमीरपुर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर के सौजन्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठेड़ा में विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया गया। यह सप्ताह एक से सात अगस्त तक मनाया जाता है। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिले भर में जन जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य स्तनपान को बढ़ावा देना तथा माताओं और शिशुओं के लिए सहयोगी वातावरण को मजबूत करना है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से आए जिला शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी सुनील कुमार रांगड़ा ने अपने संबोधन में बताया कि जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान शुरू कराना तथा पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना शिशु के संपूर्ण विकास, रोग प्रतिरोधक क्षमता और बेहतर पोषण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
छह माह के बाद ऊपरी आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की सलाह दी जाती है। उन्होंने कहा कि मां का दूध शिशु के लिए सर्वोत्तम, सुरक्षित एवं संपूर्ण आहार है। साथ ही स्तनपान माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। विश्व स्तनपान सप्ताह के दौरान जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान के महत्व, सही तकनीक, केवल मां का दूध देने तथा परिवार के सहयोग की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
