चिट्टे समेत कोटखाई का युवक अरेस्ट
शोघी में बस की चैकिंग के दौरान 8.28 ग्राम नशा बरामद, बालूगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (एनएच-5) स्थित शोघी में नियमित गश्त और वाहन चेकिंग अभियान के दौरान की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 अगस्त 2026 को पुलिस चौकी शोघी की टीम एनएच-5 पर नियमित गश्त और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान होशियारपुर से शिमला की ओर आ रही एक बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवार यात्रियों की तलाशी के दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसकी जांच की गई।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.28 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बादल टिटला उम्र 30 वर्ष निवासी कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एफआईआर संख्या 162/2026 दिनांक 5 अगस्त 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड की मांग करेगी, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने क्षेत्र में नशा तस्करी या नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से संबंधित कोई जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
गौरव सिंह, एसएसपी शिमला
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
