Monsoon Session : संसद में हंगामा जारी, बारिश में छाता और बैनर लेकर उतरा विपक्ष
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
संसद के मॉनसून सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच खींचतान बढ़ती जा रही है। संसद के दोनों सदनों में गुरुवार को भी हंगामा जारी रहा। जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च के दौरान विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के सदन में आकर बयान देने और अयोध्या में राममंदिर के चढ़ावा चोरी की जांच की मांग करते हुए विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण संसद की कार्यवाही गुरुवार को दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं गुरुवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद परिसर में एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। संसद परिसर से मकर द्वार तक निकाले गए इस विरोध मार्च में सांसदों के हाथों में एक बड़ा बैनर था।
तेज बारिश के बीच भी सांसद पीछे नहीं हटे और वे हाथों में छाते थामे लगातार ‘अमित शाह जवाब दो’ के नारे लगाते रहे। विपक्षी सांसद इस पूरे मामले पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सदन में आकर जवाब देने की मांग पर अड़े हुए हैं। लोकसभा में पूर्वाह्न 11 बजे प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्षी सदस्य इन्हीं मुद्दों को लेकर हंगामा करने लगे। इसके कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी तथा अन्य विपक्षी सदस्य फिर हंगामा करते हुए सदन के बीचों-बीच आ गए। पीठासीन सभापति संध्या राय ने हंगामे के चलते कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
