जनगणना में लापरवाही न बरतें अधिकारी, मुख्य सचिव के निर्देश, बर्फबारी वाले क्षेत्रों में पहली से चलेगी मुहिम
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन क्षेत्रों में एक सितंबर से 30 सितंबर तक जनसंख्या गणना का काम चलेगा। इससे पहले लोगों को खुद अपनी जनगणना की जानकारी दर्ज करने का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए 17 से 31 अगस्त तक स्व-गणना का विकल्प उपलब्ध रहेगा। वहीं, बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर बुधवार को शिमला में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें इन क्षेत्रों के उपायुक्त, नगर आयुक्त और प्रधान जनगणना अधिकारी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में जनसंख्या गणना की तैयारियों, कर्मचारियों की तैनाती, प्रशिक्षण, तकनीकी व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के आंकड़ों की गुणवत्ता और सटीकता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। सम्मेलन में सचिव सामान्य प्रशासन एवं राज्य जनगणना समन्वयक, निदेशक जनगणना कार्य, हिमाच्छादित क्षेत्रों के उपायुक्त व नगर आयुक्त तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनगणना निदेशक दीप शिखा शर्मा ने बताया कि प्रदेश में जनगणना का पहला चरण यानी मकानों की सूची और मकान गणना सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है। अब हिमाच्छादित क्षेत्रों में दूसरे चरण के तहत प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित जरूरी जानकारी जुटाई जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
