इंडोर स्टेडियम में बास्केटबॉल कोर्ट के प्रस्ताव का विरोध
बैडमिंटन एसोसिएशन ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, खिलाडिय़ों के हित प्रभावित होने की जताई आशंका
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- नाहन
जिला सिरमौर के चंबा ग्राउंड स्थित युवा सेवा एवं खेल विभाग के इंडोर स्टेडियम में बॉस्केटबॉल के प्रस्तावित मैदान व उसमें पोल स्थापित किए जाने के निर्णय का जिला सिरमौर बैडमिंटन एसोसिएशन ने कड़ा विरोध जताया है। इस सिलसिले में बैडमिंटन खिलाडिय़ों व एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा तथा मांग की कि इंडोर स्टेडियम में बॉस्केटबॉल कोर्ट विकसित करने व उसमें पोल लगाने की योजना पर तत्त्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। उपायुक्त सिरमौर को मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में शामिल सुरेंद्र राणा, सुनील रमौल, अभिनव गर्ग, राघव लोहिया, संदीप, ऋभष कौशिक, योगेश, मोहन लाल आदि ने ज्ञापन में कहा है कि खेलों का विकास व नई सुविधाओं का कोई ऐतराज नहीं है, परंतु बैडमिंटन कोर्ट के साथ इंडोर स्टेडियम में बॉस्केटबॉल पोल स्थापित करना व्यवहारिक नहीं है।
उनका कहना है कि इससे इंडोर स्टेडियम की मौजूदा खेल संरचना को नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रतिनिधिमंडल में शामिल एसोसिएशन के पदाधिकारियों व बैडमिंटन खिलाडिय़ों ने बताया कि नाहन में पहले से ही बॉस्केटबॉल के लिए चौगान मैदान में पूर्ण रूप से संचालित आउटडोर कोर्ट उपलब्ध है जहां पर स्थानीय बॉस्केटबॉल खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास करते हैं। ऐसे में इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट के साथ बॉस्केटबॉल कोर्ट की शुरुआत का कोई औचित्य नहीं बनता है। ज्ञापन में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि इंडोर स्टेडियम में उच्च गुणवत्ता वाले बैडमिंटन कोर्ट में विशेष मैट व महंगी सुविधाएं विकसित की गई हैं। यदि इंडोर स्टेडियम में बॉस्केटबॉल का कोर्ट विकसित किया जाता है तो इससे जहां बैडमिंटन खिलाड़ी प्रभावित होंगे तो वहीं उनके नियमित अभ्यास भी बाधित रहेंगे। बैडमिंटन खिलाडिय़ों ने इस दौरान जिला प्रशासन से मांग की कि इंडोर स्टेडियम के भीतर इस तरह के बदलाव को अनुमति न दी जाए, ताकि बैडमिंटन खिलाडिय़ों के हितों की रक्षा हो सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
