हाथियों से हडक़ंप…आग जलाएं, शोर न मचाएं
बेहड़ेवाला बीट में मिले गजराज की मौजूदगी के सबूत, वन विभाग ने लोगों को दी एहतियात बरतने की सलाह
कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
पांवटा साहिब वन मंडल के अंतर्गत बेहड़ेवाला बीट में गुरुवार रात एक बार फिर जंगली हाथियों की मौजूदगी देखी गई, जिससे क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में हडक़ंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात हाथियों का एक झुंड बेहड़ेवाला बीट के जंगल से सटे खेतों के समीप देखा गया। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पदचिह्नों के आधार पर हाथियों की आवाजाही की पुष्टि की। वन विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद किसानों को हाथियों से बचाव हेतु बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय जंगल व खेतों के आसपास अकेले जाने से बचें। खेतों में समूह में ही निगरानी करें। हाथियों को देखकर शोर-शराबा न करें और न ही उन्हें घेरने का प्रयास करें। घरों के आसपास आग जलाकर रखें तथा टॉर्च और ढोल बजाकर अलर्ट रहें। अपने आसपास हाथियों की मौजूदगी दिखते ही तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
जल्द से जल्द दें वन विभाग को जानकारी
वन विभाग का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। हाथी भोजन और पानी की तलाश में जंगल से बाहर आ रहे हैं। विभाग ने गश्त बढ़ा दी है और निगरानी के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मानव-वन्य जीव संघर्ष को टालने के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीण तुरंत वन विभाग के नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
