कचहरी चौक में पार्किंग खाली सडक़ पर गाडिय़ां ही गाडिय़ां

By: Aug 28th, 2026 12:52 am

सचिवालय-डीसी कार्यालय के पास प्रशासन की नाक के नीचे नियमों की धज्जियां

स्टाफ रिपार्र्टर- धर्मशाला
स्मार्ट सिटी धर्मशाला के तहत लाखों रुपए खर्च कर संवारे गए कचहरी चौक की खूबसूरती और व्यवस्था पर बेतरतीब पार्किंग भारी पड़ रही है। धर्मशाला में स्थित राज्य सचिवालय और उपायुक्त कार्यालय समेत 50 से अधिक सरकारी कार्यालयों की मौजूदगी वाले इस क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा होने के बावजूद मुख्य चौक से लेकर डोगरू स्वीटस-डिपो बाजार चौक से सडक़ किनारे वाहन खड़े करना रोजमर्रा की समस्या बन गया है। सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस चौक को लोगों की सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है, वहीं प्रशासन और पुलिस विभाग के सामने खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं। जबकि उपायुक्त कार्यालय सहित सचिवालय में दोपहिया व चौपहिया वाहनों के लिए नाममात्र शुल्क के साथ पार्किंग सुविधा दी गई है, जो कि खाली रह रही है, और वाहन चौक व सडक़ों में पार्क हो रहे हैं। कचहरी चौक में ऐतिहासिक हनुमान मंदिर, 150 फुट ऊंचा तिरंगा, वीरों को नमन स्थल और ‘द हेवन सिटी धर्मशाला’ जैसे आकर्षण भी हैं।

ऐसे में यहां स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंचते हैं। लोगों की सुविधा के लिए दोपहिया वाहनों के लिए मात्र दस रुपए और चौपहिया वाहनों के लिए 30 रुपए में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके बावजूद वाहन चालक पार्किंग में वाहन खड़ा करने के बजाय सडक़ और चौक को ही पार्किंग स्थल बना रहे हैं। व्यापार मंडल कचहरी धर्मशाला के अध्यक्ष मिलन लुथरा, डोगरू स्वीटस के प्रदीप, प्रणव सचदेवा, स्थानीय लोगों और अन्य दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस के कार्यालयों के ठीक सामने अगर इस तरह खुलेआम पार्किंग होती रहेगी, तो शहर के दूसरे हिस्सों में यातायात व्यवस्था सुधारने के दावे कितने प्रभावी होंगे, इसका अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। लोगों ने मांग की है कि कचहरी चौक और दूसरी तरफ यानी डिपो बाजार चौक व मार्ग पर नियमित निगरानी बढ़ाकर नो पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान किए जाएं और जरूरत पडऩे पर उन्हें हटाया जाए। दिनभर कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सडक़ के दोनों ओर वाहन खड़े होने से यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। कई बार पैदल चलने वालों को भी सडक़ के बीच से निकलने को मजबूर होना पड़ता है।

पार्किंग बनी, फिर भी सडक़ पर गाडिय़ों क्यों!
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब चौक के आसपास बाकायदा पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है और शुल्क भी बेहद मामूली रखा गया है, तो फिर सडक़ों पर वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? नो पार्किंग जोन घोषित होने के बावजूद रोजाना नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों पर सख्ती नहीं होने से व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

एसपी बोले, नियम तोडऩे वालों पर होगी कार्रवाई
कांगड़ा पुलिस अधीक्षक एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करना नियमों का उल्लंघन है। बेतरतीब पार्किंग के कारण यातायात बाधित होता है, और हादसे का खतरा भी रहता है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस की ओर से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App