दौलतपुर चौक बाजार की सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे

By: Aug 28th, 2026 12:52 am

दुकानदारों और राहगीरों को हो रही भारी परेशानी, लोगों ने जल्द से जल्द मांगा समस्या का समाधान

स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
नगर पंचायत दौलतपुर चौक का मुख्य बाजार इन दिनों जर्जर सडक़ के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। नगर पंचायत के मुख्य चौक, सीएचसी अस्पताल के सामने और बाजार में जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के चलते न केवल वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सडक़ पर गुजरने वाले वाहनों के गंदे पानी के छींटे दुकानों तक पहुंच रहे हैं। इससे दुकानदारों का सामान खराब होने के साथ-साथ ग्राहकों को भी असुविधा झेलनी पड़ रही है। सडक़ की बदहाल स्थिति को लेकर व्यापारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। यद्यपि लोक निर्माण विभाग द्वारा कुछ सडक़ के गड्ढों कोपैवर टाइल्स अथवा मिट्टी से भरने का अस्थायी प्रयास किया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। जगह जगह गड्डे होने से बारिश होते ही पानी भर जाता है और गंदे पानी के छीटो का शिकार राहगीर व दुकानदार हो रहे हैं।बारिश के दौरान सडक़ पर बने गड्ढे पानी से भर जाने के कारण दिखाई नहीं देते।

दुकानदार जुगाड़ करने पर मजबूर
व्यापार मंडल के प्रधान राजीव राजू ने बताया कि पूरे बाजार में सडक़ की हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहनों को धीमी गति से गुजरना पड़ता है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। उन्होंने कहा कि खराब सडक़ का सीधा असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है। व्यापार मंडल के सतीश शर्मा, विजय शर्मा, मोहन लाल शर्मा, केवल सिंह राणा, जीवन शर्मा, विपिन शर्मा सहित अन्य व्यापारियों ने बताया कि सडक़ की समस्या को कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के ध्यान में लाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारियों और प्रशासन से मांग की है कि बाजार की सडक़ की तत्काल स्थायी मरम्मत करवाकर गड्ढों को भरा जाए, ताकि दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके तथा बाजार में सुचारु यातायात बहाल हो सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App