शनोल मेले में विकास-संस्कृति पर रीना का फोकस

By: Aug 7th, 2026 12:01 am

विधायक रीना कश्यप ने सडक़ चौड़ीकरण, मेला मंच और जिला स्तरीय दर्जे को लेकर किए कई अहम ऐलान

नगर संवाददाता-राजगढ़
राजगढ़ के नेई-नेटी में आयोजित पारंपरिक शनोल मेले के समापन अवसर पर पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके पहुंचने पर मेला कमेटी एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत किया। विधायक रीना कश्यप ने क्षेत्रवासियों को शनोल मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे पारंपरिक मेले हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, सामाजिक एकता और भाईचारे के प्रतीक हैं तथा इन्हें संरक्षित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से छैला-नेरीपुल-यशवंतनगर सडक़ को चौड़ा करने की मांग थी, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार करते हुए 203 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सडक़ सुविधा मिलेगी तथा विकास को नई गति प्राप्त होगी। विधायक ने कहा कि नेई-नेटी का शनोल मेला अपनी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान के कारण जिला स्तरीय मेले का दर्जा पाने का अधिकारी है।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर इस मेले को जिला स्तरीय मेले का दर्जा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा विधायक निधि में की गई कटौती पर भी अफसोस जताते हुए कहा कि पहले विधायकों को प्रतिवर्ष दो करोड़ की विधायक निधि उपलब्ध होती थी, जबकि अब 15 लाख रुपए भी समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे विकासात्मक कार्यों के लिए धन उपलब्ध करवाने में कठिनाई आ रही है और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस अवसर पर विधायक रीना कश्यप ने शनोल मेला मंच के निर्माण के लिए दो लाख रुपए देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में बीडीसी अध्यक्ष रमा पबोल्टा, जिला परिषद सदस्य सरोज बाला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयराम वर्मा, भाजपा मंडल राजगढ़ अध्यक्ष सुरेश वर्मा, महामंत्री अरुण चौहान, मंडल उपाध्यक्ष नरेश कौशल, रीना ठाकुर, काली राम, सतीश ठाकुर, चंद्रमोहन शर्मा, भूपेंद्र रपटा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान मधु बाला, उप-प्रधान बसंत लाल, अधिवक्ता प्रदीप कंवर, विद्यानंद कश्यप तथा समस्त ग्राम पंचायत वासियों ने मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App