रिश्तेदारों ने छिपाई थी करोड़ों की नकदी-जेवर एसआईटी जांच में सात आरोपी गिरफ्तार

By: Aug 6th, 2026 12:50 am

90 लाख नकद, 801 अमरीकी डॉलर, 1.324 किलो सोना और अहम दस्तावेज बरामद, जांच जारी

टीम- देहरा गोपीपुर, गरली
पुलिस जिला देहरा की विशेष जांच टीम(एसआईटी) ने रक्कड़ थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपए की नकदी, आभूषण और महत्त्वपूर्ण दस्तावेजों को कथित रूप से छिपाने के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी अग्रिम जमानत पर हैं। पुलिस ने अब तक 90 लाख रुपए नकद, 801 अमरीकी डॉलर, पासपोर्ट, जमीन से संबंधित दस्तावेज तथा करीब एक किलो 324 ग्राम सोना व अन्य आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपए है, बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार 29 जून 2026 को रक्कड़ थाना में गांव मौंआ निवासी अविनाश ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके रिश्तेदारों ने बेईमानी की नीयत से करीब 4 से 4.5 किलो सोना, चांदी व हीरे के आभूषण, 2.5 करोड़ रुपए नकद तथा पासपोर्ट और जमीन से जुड़े दस्तावेज छिपा दिए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप धवल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ ज्वालामुखी तथा अन्य अधिकारियों को शामिल कर विशेष जांच दल गठित किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में नकदीए आभूषण व दस्तावेज बरामद किए। पुलिस अधीक्षक देहरा संदीप धवल ने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। शेष नकदी और आभूषणों की बरामदगी तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है और मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस हर पहलू की गहन पड़ताल कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App