‘चुंबक’ से कॉमेडी में कदम रख रहीं संदीपा धर
मुंबई। अभिनेत्री संदीपा धर आगामी वेब सीरीज चुंबक के साथ पहली बार कॉमेडी करती नजर आएंगी। गंभीर किरदारों के लिए पहचानी जाने वाली संदीपा का कहना है कि कॉमेडी में उनकी शुरुआत बिल्कुल वैसी ही है, जैसी वह हमेशा से चाहती थीं। संदीपा ने कहा कि ये बात बिल्कुल सही है कि मैंने पहले कभी आउट एंड आउट कॉमेडी नहीं की है, खासकर इस तरह की कॉमेडी तो बिल्कुल नहीं। हालांकि मैंने हमेशा से सोचा था कि अगर मुझे कॉमेडी करनी है, तो वह आतिश और जेडी जैसी कॉमेडी हो और मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे वही मिला।
उन्होंने कहा कि चुंबक उनके लिए सिर्फ एक नई शैली में काम करने का अवसर नहीं है, बल्कि कॉमेडी को एक अलग और ताजे अंदाज में समझने का मौका भी है। शो का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर करते हुए संदीपा ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि उन्होंने मुझे चुंबक का हिस्सा बनाया और निश्चित रूप से नेटफ्लिक्स का भी शुक्रिया, जिसने इस तरह के प्रोजेक्ट को अपना समर्थन दिया। संदीपा ने कहा कि यदि आतिश और जेडी सर की बात करूं तो एक दर्शक के तौर पर मुझे उनके पिछले शोज बहुत पसंद आए हैं। स्पेशली, एक मिलेनियल होने के नाते मैं खुद भी अब कुछ ऐसा ही देखना चाहती थी। इसलिए मैं सच में बहुत खुश हूं कि मुझे इसका हिस्सा बनने का मौका मिला। चुंबक के जरिए संदीपा धर का नया कॉमिक अंदाज दर्शकों के सामने आएगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कॉमेडी की दुनिया में उनकी यह नई पारी दर्शकों को कितनी पसंद आती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
