जनसेवा के छह साल, 6.50 करोड़ से बदली तस्वीर
जनसेवा में जुटी रणजीत बख्शी सभा, शिक्षा से स्वास्थ्य तक सेवा का विस्तार
कार्यालय संवाददाता-नूरपुर
रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा समाज के कल्याण और उत्थान के लिए निरंतर समर्पित होकर कार्य करती रहेगी। यह बात सभा के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रशासनिक अधिकारी अकिल बख्शी ने नूरपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही। अकिल बख्शी ने बताया कि संस्था पिछले छह वर्षों से शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, खेल, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इन छह वर्षों के दौरान संस्था की ओर से जनकल्याणकारी कार्यों पर करीब 6.50 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में संस्था वर्तमान में करीब 50 छात्राओं की पढ़ाई का खर्च वहन कर रही है। प्रदेश सरकार की ‘अपना विद्यालय’ योजना के तहत संस्था ने भोल ठाकरा स्कूल को गोद लिया है।
यहां करीब 12.50 लाख रुपये की लागत से दो कमरों का निर्माण करवाया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से एक एंबुलेंस संचालित की जा रही है, जो नो-प्रॉफिट, नो-लॉस के आधार पर सेवा दे रही है। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं की मृत्यु की स्थिति तथा बीपीएल परिवारों को एंबुलेंस की निशुल्क सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में 250 सोलर लाइटें वितरित की गई हैं। वहीं, 150 यूथ क्लबों को स्पोट्र्स किट भी वितरित की जा चुकी हैं।
265 महिला मंडलों को बांटी सिलाई मशीनें
महिला सशक्तिकरण के संबंध में अकिल बख्शी ने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर और कंप्यूटर प्रशिक्षण जैसे पाठ्यक्रम करवाए जा रहे हैं। अब तक विधानसभा क्षेत्र के 265 पंजीकृत महिला मंडलों को सिलाई मशीनें, गद्दे, टेंट और कुर्सियां वितरित की जा चुकी हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
