स्मार्ट सिटी का पार्क बदहाल, झाडिय़ों में ओपन एयर जिम गुम
व्यायाम के लिए बने पार्क में घास का कब्जा, नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल
सिटी रिपोर्टर- धर्मशाला
स्मार्ट सिटी धर्मशाला में लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बनाए गए पार्क और ओपन एयर जिम अब रखरखाव के अभाव में बदहाल नजर आने लगे हैं। वार्ड नंबर सात में स्थित एक पार्क की तस्वीरें व्यवस्था की पोल खोल रही हैं। यहां ओपन एयर जिम की मशीनें तो लगी हैं, लेकिन पूरा परिसर घास और झाडिय़ों से इस कदर घिर गया है कि लोगों के लिए व्यायाम करना तक मुश्किल हो गया है। हैरानी की बात यह है कि यह पार्क पीडब्ल्यूडी नॉर्थ के मुख्य अभियंता कार्यालय से महज करीब 20 मीटर की दूरी पर स्थित बताया जा रहा है। बावजूद इसके पार्क की सफाई और रखरखाव की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। पार्क में जगह-जगह घास और झाडिय़ां उगी हुई हैं, जिससे जिम उपकरण भी मुश्किल से नजर आते हैं।
लोगों का कहना है कि स्मार्ट सिटी के तहत सुविधाएं विकसित करने के बाद उनके नियमित रखरखाव पर भी उतना ही ध्यान दिया जाना चाहिए। पार्कों का उद्देश्य लोगों को स्वच्छ व स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाना है, लेकिन देखरेख के अभाव में यही स्थान बदहाली का उदाहरण बनते जा रहे हैं। पार्क की स्थिति को लेकर नगर निगम के मेयर को भी अवगत करवाए जाने की बात सामने आई है। अभी तक मौके पर अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि पार्क की तत्काल सफाई करवाकर जिम उपकरणों के आसपास की झाडिय़ों को हटाया जाए और नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
