नाकाबंदी देख बौखलाया संदिग्ध चालक, गिरफ्तारी से बचने को निगला चिट्टा, इलाज के दौरान मौत, तीन साथी गिरफ्तार
जांच में 9.02 ग्राम हेरोइन, डैगर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा सहित अन्य सामान बरामद।
विपिन शर्मा
बद्दी। बद्दी पुलिस की स्पेशल सेल-एक्स टीम द्वारा गुरुवार को बरोटीवाला टोल बैरियर पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध चालक पुलिस कार्रवाई देखकर बौखला गया। पुलिस के अनुसार उसने पहले नाका तोड़कर भागने का प्रयास किया और कुछ ही दूरी पर सामने से आ रहे ट्रक से उसकी कार टकरा गई। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में उसने अपने पास रखा चिट्टा (हेरोइन) निगल लिया। पुलिस टीम उसे तत्काल अपने वाहन से सिविल अस्पताल बद्दी लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई। मामले में कार में सवार तीन अन्य युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल-एक्स टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग हरियाणा की ओर से कार में हेरोइन (चिट्टा) की बड़ी खेप लेकर बरोटीवाला की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने बरोटीवाला टोल बैरियर पर नाकाबंदी कर दी।
इसी दौरान हरियाणा नंबर कार वहां पहुंची। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका और नाका तोड़ते हुए मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को टक्कर मारकर बैरियर की विपरीत दिशा में बरोटीवाला चौक की ओर तेज रफ्तार से भाग निकला। करीब 15 से 20 मीटर आगे जाकर कार सामने से अपनी सही दिशा में आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे के तुरंत बाद स्पेशल सेल-एक्स टीम मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा खुलवाया। पुलिस के अनुसार चालक ने गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए अपने पास मौजूद चिट्टा निगल लिया था। उसकी हालत बिगड़ने पर पुलिस ने बिना देर किए उसे अपने वाहन से उपचार के लिए सिविल अस्पताल बद्दी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन देर शाम उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की पुत्र सरवण कुमार निवासी गांव एवं डाकघर गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में हुई है। कार में सवार अन्य तीन युवकों की पहचान विक्रम सिंह पुत्र गुरचरण सिंह निवासी बारोटीवाला, गौरव कुमार पुत्र अशोक कुमार निवासी गांव बग्गूवाला तथा आशीष मेहता पुत्र मान सिंह निवासी गांव बग्गूवाला, डाकघर बरोटीवाला, तहसील बद्दी, जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल और कार का वैज्ञानिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कार से 9.02 ग्राम हेरोइन, एल्युमिनियम फॉयल में लिपटी चार छोटी पुड़ियां, 20 रुपये का अधजला नोट, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने वाली मशीन, एक डैगर, एक मिनी मोबाइल फोन, दो कीपैड मोबाइल, दो वीवो स्मार्टफोन, एल्युमिनियम फॉयल के दो रोल तथा इस्तेमाल किए गए फॉयल के टुकड़े बरामद किए गए। इस संबंध में पुलिस थाना बरोटीवाला में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि गुप्त सूचना पर स्पेशल सेल-एक्स टीम ने नाकाबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस से बचने के प्रयास में संदिग्ध चालक ने नशीला पदार्थ निगल लिया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान देर शाम उसकी मृत्यु हो गई। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 9.02 ग्राम हेरोइन सहित नशा तस्करी में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है। पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
