दस दिन की ट्रेनिंग, 600 कैडेट्स का जोश
बड़ू साहिब में एनसीसी गल्र्स कैडेट्स ने सीखा अनुशासन
नगर संवाददाता – राजगढ़
सिरमौर जिला के बड़ू साहिब स्थित एटरनल यूनिवर्सिटी परिसर में प्रथम हिमाचल प्रदेश गल्र्स बटालियन एनसीसी सोलन का 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एटीसी-247 संपन्न हो गया। शिविर में प्रदेश के आठ जिलों के करीब 20 स्कूलों और कॉलेजों से लगभग 600 छात्रा एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर के समापन के बाद कैडेट्स सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा का अनुभव लेकर अपने संस्थानों के लिए रवाना हुईं। कलगीधर ट्रस्ट बड़ू साहिब के सहयोग से आयोजित इस 10 दिवसीय शिविर के दौरान कैडेट्स को शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, हथियार संचालन, फील्ड क्राफ्ट और बैटल क्राफ्ट सहित विभिन्न सैन्य विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रथम हिमाचल प्रदेश गल्र्स बटालियन एनसीसी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विवेक भटारा ने बताया कि वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एनसीसी कैडेट्स के समग्र प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ
बड़ू साहिब में संपन्न हुआ यह 10 दिवसीय एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर करीब 600 गल्र्स कैडेट्स के लिए सैन्य प्रशिक्षण के साथ व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता निखारने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
