लैंप छात्रवृत्ति योजना ने बदली सैकड़ों मेधावी छात्रों की तकदीर

By: Aug 7th, 2026 12:02 am

दो छात्रों ने नीट, 12 ने जेईई मेन्स की परीक्षा पास कर रचा सफलता का नया इतिहास, 50 नए छात्र बने योजना का हिस्सा

स्टाफ रिपोर्टर – गगरेट
आर्थिक तंगी के कारण जिन बच्चों के सपने अक्सर अधूरे रह जाते हैं, उनके भविष्य को नई उड़ान देने का काम ल्यूमिनस उद्योग की लैंप छात्रवृत्ति योजना कर रही है। निर्धन लेकिन मेधावी विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने वाली इस योजना ने कई ऐसे परिवारों के घरों में उम्मीद का दीप जलाया है, जो कभी आर्थिक अभाव के कारण अपने बच्चों की उच्च शिक्षा की कल्पना भी नहीं कर सकते थे। अब यही बच्चे न केवल उच्च शिक्षण संस्थानों तक पहुंच रहे हैं, बल्कि अपने परिवारों के सहारा बनने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। गुरुवार को आयोजित प्रवेश समारोह में 50 नए विद्यार्थियों को लैंप छात्रवृत्ति योजना से जोडक़र उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी गई। समारोह में ल्यूमिनस परिवार की ओर से क्लस्टर हेड अजय जैन, एवीपी राजेश धीमान, एवीपी राजेश दहिया, एवीपी राकेश खंडेलवाल, जीएम मनजीत कुमार, एवीपी दीप नारायण साहा, जीएम अजय भारद्वाज, एजीएम हेमराज तथा सुनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

लैंप छात्रवृत्ति योजना का संचालन कर रही अंकुर संस्था की चीफ फंक्शनरी मनीषा मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2016 से यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने का कार्य कर रही है। अब तक 619 विद्यार्थी इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि नियमित शैक्षणिक मार्गदर्शन, व्यक्तित्व विकास, करियर काउंसिलिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहयोग दिया जाता है। लैंप योजना से जुड़े दो विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश का सपना पूरा किया, जबकि 12 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स परीक्षा पास कर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कदम बढ़ाया है। शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में लैंप योजना के दो विद्यार्थी टॉप-10 में स्थान बना चुके हैं। इसके अलावा 15 विद्यार्थी टॉप-20, 57 विद्यार्थी टॉप-50 तथा 194 विद्यार्थी टॉप-100 में अपनी जगह बना चुके हैं। वहीं, जमा दो की परीक्षा में तीन विद्यार्थी टॉप-10, 10 विद्यार्थी टॉप-20, 60 विद्यार्थी टॉप-50 और 151 विद्यार्थी टॉप-100 में शामिल होकर योजना की सफलता का प्रमाण दे चुके हैं। रोजगार के क्षेत्र में भी योजना से जुड़े विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अब तक चार विद्यार्थियों का चयन इंडियन पोस्टल सर्विसेज, सात का भारतीय सेना, एक का रेलवे, दो का जल शक्ति विभाग, सात का जेबीटी, दो का एलआईसी, एक का सुरक्षा बल, एक का मर्चेंट नेवी में हुआ है।

33 विद्यार्थी निजी कंपनियों में दे रहे सेवाएं

33 विद्यार्थी विभिन्न निजी कंपनियों में सेवाएं दे रहे हैं और अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में योगदान दे रहे हैं।

संवर रहा परिवारों का भविष्य

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि लैंप छात्रवृत्ति योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के उन प्रतिभाशाली बच्चों को अवसर प्रदान करने का सशक्त माध्यम बन चुकी है, जिनकी राह में गरीबी सबसे बड़ी बाधा थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App