हमीरपुर में तैयार हो रहा प्रदेश का सबसे बड़ा बस अड्डा

By: Aug 7th, 2026 12:02 am

बहुमंजिला भवन में बस अड्डे के अलावा पार्किंग, कई सरकारी दफ्तर और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
लगभग दो दशकों से सियासत के पालने में झूलने वाला अंतरराज्यीय बस स्टैंड हमीरपुर अपना वास्तविक आकार लेता हुआ नजर आने लगा है। वहीं हमीरपुरवासियों की वर्षों पुरानी मांग भी पूरी होती नजर आ रही है। अपने गृह जिले के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा स्वीकृत किया गया यह महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट तेजी से आकार ले रहा है।

अपने आंखों के सामने इस बहुमंजिला भवन को आकार लेते हुए देखकर हमीरपुरवासियों में गौरव की अनुभूति हो रही है, क्योंकि यह बस स्टैंड केवल एक आम बस स्टैंड नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा एवं बहुत ही भव्य अंतरराज्यीय बस स्टैंड होगा और इससे हमीरपुर को एक नई पहचान मिलेगी। लगभग 125 करोड़ रुपए से बनने जा रहे इस बहुमंजिला बस स्टैंड में बसों और अन्य वाहनों के लिए पार्किंग के अलावा कई सरकारी और अर्द्ध सरकारी कार्यालयों के संचालन के लिए भी बेहतरीन व्यवस्था रहेगी। इसका 70 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। अब वह दिन दूर नहीं हैं, जब हमीरपुर में अत्याधुनिक एवं प्रदेश के सबसे बड़े बस स्टैंड का सपना साकार होगा।

नाकाफी साबित हो रहा हमीरपुर का बस स्टैंड

प्रदेश के मध्य में स्थित हमीरपुर शहर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बसें अंतरराज्यीय रूटों, प्रदेश के मुख्य शहरों एवं विभिन्न जिलों और लोकल रूटों पर रवाना होती हैं। बसों की आवाजाही के कारण हमीरपुर का वर्तमान बस स्टैंड काफी छोटा पड़ गया है। इससे हमीरपुर शहर की यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित होती है। नया बस स्टैंड तैयार होने के बाद न केवल हमीरपुर शहर की कई समस्याएं दूर होंगी, बल्कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में सफर करने वाले यात्रियों को भी काफी सुविधा होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App