20 साल से टिक्कर-डेबरा सडक़ अधूरी
ग्रामीण बोले, अब तो पक्की सडक़ का इंतजार खत्म करे सरकार
सिटी रिपोर्टर — सुजानपुर
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत री के अंतर्गत आने वाली टिक्कर-डेबरा सडक़ पिछले करीब 20 वर्षों से पक्की होने का इंतजार कर रही है। सडक़ की जर्जर हालत के कारण स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों बीत जाने के बावजूद सडक़ निर्माण का कार्य आज तक पूरा नहीं हो पाया। पंचायत उप प्रधान हैप्पी कुमार ने बताया कि बीते दो दशकों में कई विधायक आए और गए, लेकिन इस सडक़ की स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि सडक़ निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने समय-समय पर संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सडक़ की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों ने मांग की है कि लोक निर्माण विभाग जल्द से जल्द सडक़ का निर्माण कार्य शुरू करे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
