दिल्ली-एनसीआर में आफत की बारिश, कई इलाकों में जलभराव से लगा जाम; 15 उड़ानें डायवर्ट, 350 फ्लाइट्स लेट

By: Aug 25th, 2026 12:06 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश में स्थिति खराब हो गई है। जगह-जगह जलभराव और लंबे ट्रैफिक जाम ने लोगों को बेहाल कर दिया है। खराब मौसम की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर भी उड़ानों पर असर पड़ा है। भारी बारिश के चलते सोमवार को 25 उड़ानें कैंसिल हो गई हैं और 350 से ज्यादा फ्लाइट लेट हुईं, जबकि तीन इंटरनेशनल उड़ानों समेत 15 को डायवर्ट किया गया। इनमें से 12 को दिल्ली से जयपुर, दो को चंडीगढ़ और एक को लखनऊ डायवर्ट किया गया। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह से ही भारी बारिश की दौर जारी रहा। वहीं, संगम विहार, दुर्गा विहार और कनॉट प्लेस में तीन से चार फुट तक पानी भर गया। भारी बारिश से घरों-दुकानों में पानी घुस गया और कई गाडिय़ां फंस गईं।

गुरुग्राम में बारिश के बाद कई जगहों पर जलजमाव हो गया है। शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया और दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और मुख्य सडक़ों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई। गुरुग्राम के सोहना रोड पर बारिश के बाद महाजाम लगा गया। यहां कई घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे। भारी बारिश के बीच गुरुग्राम में एक बार फिर वर्क फ्रॉम होम को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी गई है। वहीं यूपी के 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। काशी में गंगा का पानी बढऩे से दशाश्वमेध घाट की पुलिस चौकी डूब गई। प्रयागराज के दारागंज घाट के श्मशान डूब गए, जिससे सडक़ों पर अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है। मध्य प्रदेश के जबलपुर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में तेज बारिश हुई। प्रदेश के 22 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App