कांगड़ा और चंबा में 46 मिनट में भूकंप के दो झटके
Earthquake
पहले 3.6, फिर 4.0 तीव्रता के झटके; लोग घरों से बाहर निकले, कोई नुकसान नहीं
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला, चंबा
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार शाम भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। दोनों झटके चंबा और कांगड़ा समेत आसपास के कई क्षेत्रों में महसूस किए गए। पहले भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 और दूसरे की तीव्रता 4.0 मापी गई। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अभी तक भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, पहला भूकंप शाम 6:54 बजे महसूस किया गया, जबकि दूसरा झटका करीब 7:40 बजे आया. यानी करीब 46 मिनट के अंतराल में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, पहले भूकंप की तीव्रता 3.6 और दूसरे की तीव्रता 4.0 रही। दोनों ही भूकंपों का केंद्र जमीन के बेहद करीब (सिर्फ 5 किलोमीटर नीचे) था। गहराई कम (उथली) होने के कारण लोगों को इसके झटके काफी जोरदार और डरावने महसूस हुए। कांगड़ा, धर्मशाला और चंबा का यह पूरा क्षेत्र भूगर्भीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
