पंजाब कांग्रेस के कार्यक्रम में बवाल, लुधियाना में भूपेश बघेल के सामने घमासान, राजा वडि़ंग-आशु समर्थक भिड़े

By: Aug 7th, 2026 12:07 am

निजी संवाददाता — लुधियाना

पंजाब के लुधियाना में आयोजित कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल की मौजूदगी में ही कांग्रेस के दो गुट आमने-सामने आ गए। लुधियाना के गुरु नानक भवन में आयोजित कार्यक्रम शुरू होने से पहले प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग और वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशु के समर्थकों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। आशु के समर्थकों ने ‘बघेल गो बैक’ के जोरदार नारेबाजी और हंगामा किया। समर्थक बघेल के खिलाफ लिखे नारों के टीशर्ट भी लहराए गए। माहौल बिगडऩे पर राजा वडिंग ने हंगामा कर रहे लोगों को आरएसएस समर्थक बताते हुए बाहर जाने को कहा। करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे के कारण कार्यक्रम निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका और पूरे सभागार का माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता पहुंचे थे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही दोनों गुटों के समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते नारेबाजी तेज हो गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

माहौल इतना गरमा गया कि मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं को भी स्थिति संभालने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल पूरे घटनाक्रम के दौरान मंच पर मौजूद रहे। वह कुछ देर तक बिना हस्तक्षेप किए पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। वहीं प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग लगातार कार्यकर्ताओं को शांत रहने की अपील करते रहे, लेकिन दोनों पक्षों के समर्थकों ने उनकी अपील पर तुरंत ध्यान नहीं दिया। स्थिति को बिगड़ता देख पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और आयोजकों ने हस्तक्षेप किया। काफी समझाने के बाद भारत भूषण आशु के समर्थक सभागार से बाहर चले गए। इसके बाद माहौल धीरे-धीरे सामान्य हुआ और कांग्रेस का कार्यक्रम शुरू कराया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App