उर्मिला शर्मा बनीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष
अर्की में प्रधान परिषद की बैठक में अनुभवी पंचायत प्रतिनिधियों को मिली जिम्मेदारियां
निजी संवाददाता-अर्की
प्रधान परिषद विकास खंड कुनिहार एसोसिएशन की बैठक रेस्ट हाउस अर्की में अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इस दौरान अनुभवी पंचायत प्रतिनिधियों को संगठन के विभिन्न पदों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नई कार्यकारिणी में बातल पंचायत की प्रधान उर्मिला शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। बरायली पंचायत के प्रधान कृष्ण भट्टी, बलेरा के उपप्रधान मस्तराम महाजन तथा संघोई के उपप्रधान बाबूराम बंसल को उपाध्यक्ष बनाया गया। चम्यावल पंचायत के उपप्रधान परमिंदर ठाकुर को कार्यालय सचिव, सहरोल पंचायत के उपप्रधान रामलोक ठाकुर को कोषाध्यक्ष तथा मांगल पंचायत की प्रधान उर्मिला कुमारी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं कुंहर पंचायत के उपप्रधान जुगल किशोर को मीडिया प्रभारी और घनाघुघाट पंचायत के उपप्रधान हरीश शर्मा को प्रेस सचिव नियुक्त किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि नई कार्यकारिणी में ऐसे अनुभवी पंचायत प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गई है, जो दो या दो से अधिक बार पंचायत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। बैठक में परिषद की आगामी गतिविधियों और पंचायतों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
