अमरीका के पास हथियारों का भंडार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले, तेजी से बढ़ रहा रक्षा उत्पादन

By: Aug 7th, 2026 12:07 am

एजेंसियां — वाशिंगटन

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमरीका के पास बड़ी मात्रा में हथियार मौजूद हैं और देश लगातार अपने रक्षा उत्पादन को बढ़ा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दावा किया कि जरूरत के मुताबिक नए हथियार बनाए जा रहे हैं और उनकी सप्लाई भी लगातार जारी है। ट्रंप ने रक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अमरीकी रक्षा कंपनियां देश के इतिहास में सबसे ज्यादा नए प्लांट और फैक्टरियां बना रही हैं। उनका दावा है कि इससे अमरीका की सैन्य ताकत और रक्षा उत्पादन क्षमता पहले से ज्यादा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि देश भविष्य की किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

ट्रंप ने कहा कि रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी लीक करने वालों की पहचान की जा रही है। उन्होंने ऐसे लोगों को देशद्रोही बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी और लंबी जेल की सजा की मांग की जाएगी। हालांकि, ट्रंप ने यह नहीं बताया कि वह किस गोपनीय जानकारी या किस घटना से जुड़े लीक का जिक्र कर रहे थे।

ट्रंप की सुरक्षा में चूक, जेट से टकराते बचा हेलिकॉप्टर

वाशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हवाई सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। मामले की जांच भी शुरू हो गई है। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) इस हवाई ‘सुरक्षा घटना’ की जांच में जुट गया है। राष्ट्रपति का मरीन वन हेलिकॉप्टर वाशिंगटन डीसी के ऊपर एक-दूसरे विमान के बेहद करीब आ गया था, और यह नियमों के अनुसार सही नहीं था। कहा जा रहा है कि जब राष्टपति ट्रंप को लेकर मिलिट्री हेलिकॉप्टर ने व्हाइट हाउस से उड़ान भरी, तो एयर ट्रैफिक कंट्रोलर गलती से उत्तरी वर्जीनिया के रोनाल्ड रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर कमर्शियल उड़ानों को रोकने में नाकाम रहे। उड़ान के दौरान ‘दूरी कम होने’ (लॉस ऑफ सेपरेशन) की एक घटना हुई, जिसमें हेलिकॉप्टर और फ्लोरिडा जा रहा एक पैसेंजर जेट, जो कुछ समय पहले ही उड़ा था, नियमों में तय सीमा से अधिक करीब आ गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App