आधी रात को घरों में घुसा पानी

By: Aug 6th, 2026 12:48 am

देहरा में उफनते नालों ने मचाई तबाही, घर-दुकानों में डेढ़ फुट तक भरा पानी
स्टाफ रिपोर्टर-गरली
देहरा उपमंडल में मंगलवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने कुछ ही घंटों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। ढलियारा, नैहरनपुखर, हरमिट्टा और गरली सहित कई क्षेत्रों में बरसाती नालों के उफान और सडक़ों पर तेज बहाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज बहाव के साथ आए पानी, कीचड़ और मलबे ने कई घरों, दुकानों और गौशालाओं में करीब डेढ़ फुट तक प्रवेश कर लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आधी रात के बाद अचानक घरों में पानी घुसने से लोग नींद से जाग गए। परिवारों ने बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ-साथ घरेलू सामान, राशन, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बचाने का प्रयास किया।

कई दुकानदार पूरी रात अपने प्रतिष्ठानों से पानी और कीचड़ निकालने में जुटे रहे, जबकि पशुपालकों ने गौशालाओं में घुसे पानी के बीच मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कड़ी मशक्कत की। बुधवार सुबह बारिश थमने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में चारों ओर कीचड़, मलबा और बिखरा सामान नजर आया। कई घरों और दुकानों में रखा कीमती सामान खराब हो गया, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। प्रभावित परिवारों ने बताया कि पूरी रात भय और अनिश्चितता के माहौल में गुजरी और हर पल किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रही। स्थानीय लोगों ने बरसाती नालों की समय पर सफाई न होने और कमजोर जल निकासी व्यवस्था को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App