Himachal News: सुधीर शर्मा से विजिलेंस थाने में पांच घंटे पूछताछ, विधायक ने सौंपे जमीनों के दस्तावेज

By: Sep 24th, 2026 12:08 am

विधायक ने सौंपे जमीनों के दस्तावेज, दोपहर एक से शाम छह बजे तक सवाल-जवाब

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला

आय से अधिक संपत्ति के मामले में घिरे पूर्व मंत्री एवं धर्मशाला से मौजूदा विधायक सुधीर शर्मा से बुधवार को धर्मशाला स्थित विजिलेंस थाने में उनसे करीब पांच घंटे तक लंबी पूछताछ हुई। इस दौरान जांच एजेंसी ने मुख्य रूप से उनकी जमीनों और बैंक खातों का पूरा ब्योरा खंगाला। जांच में सहयोग करते हुए सुधीर शर्मा ने अपनी संपत्तियों से जुड़े कई अहम दस्तावेज विजिलेंस अधिकारियों को सौंपे हैं, जिनकी अब गहनता से जांच की जा रही है। विधायक सुधीर शर्मा जांच में शामिल होने के लिए बुधवार दोपहर करीब एक बजे विजिलेंस थाने पहुंच गए थे। इसके बाद शाम छह बजे तक बंद कमरे में उनसे लगातार पूछताछ का सिलसिला चलता रहा। विजिलेंस की टीम ने इस बात पर सबसे ज्यादा फोकस किया कि विधायक के नाम पर कहां-कहां संपत्तियां हैं और किन-किन जगहों पर उनके बैंक खाते संचालित हो रहे हैं। टीम ने उनकी आय और संपत्ति के बीच के अंतर के हर पहलू को बारीकी से समझने की कोशिश की। इस बार की पूछताछ में सबसे खास बात यह रही कि सुधीर शर्मा बिना किसी तामझाम के विजिलेंस थाने पहुंचे।

गौरतलब है कि इससे पहले 18 अगस्त को जब उन्हें पहली बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था, तब माहौल बिल्कुल अलग था। उस वक्त उनके समर्थकों ने भारी भीड़ के साथ शक्ति प्रदर्शन किया था और हनुमान मंदिर के पास जुटकर सुधीर शर्मा के पक्ष में जमकर नारेबाजी की थी, लेकिन बुधवार को हुई दूसरी पूछताछ पूरी तरह से शांत माहौल में निपटी। पांच घंटे की इस मैराथन पूछताछ के बाद सुधीर शर्मा बाहर आए। आय से अधिक संपत्ति के इस हाई-प्रोफाइल मामले में उन्हें फिर से बुलाया जा सकता है।

राजनीतिक षड्यंत्र करार

धर्मशाला। आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस जांच का सामना कर रहे धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने बुधवार को दूसरी बार जांच एजेंसी के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखा। पूछताछ के बाद बाहर आए विधायक ने इस पूरी कार्रवाई को सरकार के दबाव में रचा गया राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App