Himachal News : पाकिस्तान में बैठे कट्टरपंथियों को इंस्टा पर फॉलो करते जेहादी बन गया हमजा

By: Sep 24th, 2026 12:09 am

यूनाइटेड उम्माह-आलमदार जैसे ग्रुप में सक्रियता, आईबी सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी पूछताछ को हमीरपुर पहुंचीं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर

स्टेट सीआईडी की टीम द्वारा सोमवार शाम को गिरफ्तार किए गए संदिग्ध 21 वर्षीय सहारनपुर निवासी मोहम्मद हमजा से की जा रही इंटैरोगेशन में कई अहम जानकारियां सुरक्षा एजेंसियों के हाथ लगने की सूचना है। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में हिमाचल सहित दूसरे राज्यों से भी गिरफ्तारियां हो सकती है। मामले की गंभीरता का पता इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमजा से इंटेरोगेशन के लिए नई दिल्ली से आईबी समेत एमआई (मिलिट्री इंटेलिजेंस) की स्पेशल टीम भी हमीरपुर पहुंची है। तीन दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहे हमजा से दूसरे दिन भी सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कड़ी पूछताछ की गई। सूचना है कि हमजा इंस्टाग्राम पर पाकिस्तान में बैठे कई कट्टपंथियों को फॉलो कर रहा था।

यही नहीं, वह आतंक के सरगना रहे ओसामा बिन लादेन की विचारधारा वाले ग्रुप के अलावा आलमदार ग्रुप, गजवा-ए-हिंद और यूनाइटेड उम्माह जैसे ग्रुपों में भी सक्रिय था। बताया जा रहा है कि उसकी मानसिकता पूरी तरह से जेहादियों वाली हो चुकी थी। ऐसे भी कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि छह महीने तक हमजा पकड़ में न आता तो वह किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता था। बताया जा रहा है कि हमजा किसी भी हद तक जाने के लिए पूरी तरह तैयार था।

पूछताछ में नए-नए खुलासे

हमीरपुर जैसे छोटे से जिला में जिला मुख्यालय में बैठा एक 21 वर्षीय युवक देश विरोधी इतनी बड़ी गतिविधियों में शामिल हो सकता है इसके बारे में शायद किसी ने सोचा भी न होगा। इस मामले में जिस तरह से एक के बाद एक कडिय़ां जुड़ रही हैं और नए-नए खुलासे हो रहे हैं उसे देखकर ऐसा भी माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए भी हमीरपुर पहुंच सकती है क्योंकि इस गिरफ्तारी की कडिय़ां आतंकवाद से जुड़ती हुई नजर आ रही हैं। उधर, हमजा की गिरफ्तारी को स्टेट की जांच एजेंसी सीआईडी की बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।

गिरफ्तारी से पहले मुकरा आरोपी

हमीरपुर की प्रतापगली में टेलरिंग का काम कर रहे 21 वर्षीय हमजा को सीआईडी की टीम ने सोमवार शाम को गिरफ्तार किया था। बताते हैं कि सीआईडी के पास जो स्कैच केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आया था उस बिनाह पर उसे गिरफ्तार किया गया। सीआईडी की टीम संदिग्ध युवक को उठाने की फिराक में थी। जांच एजेंसी ने अपने गुप्तचरों की मदद से जाल बिछाया था, लेकिन यह सुनिश्चित करना कि यही हमजा है बड़ा चैलेंज था। बताते हैं कि जब एजेंसी ने उसे उठाया तो उसने पहले मना कर दिया था कि स्कैच में जो युवक है वो कोई और है, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद उसने कबूल किया कि यह उसी का स्कैच है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App