हमीरपुर में बनेगा ऑल इंडिया इंस्टीच्यूट ऑफ आयुर्वेद, गोमा बोले, सरकार ने अस्पताल के लिए उपलब्ध करवाई भूमि
यादविंदर गोमा बोले, सरकार ने अस्पताल के लिए उपलब्ध करवाई 70 एकड़ भूमि
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल प्रदेश में आयुर्वेद और आयुष सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में 379 करोड़ का बजट प्रावधान किया है। इसके अलावा नेशनल आयुष मिशन के तहत 60 करोड़ रुपए की राशि भी उपलब्ध करवाई गई है। आयुष मंत्री यादविंदर गोमा ने बुधवार को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में आयोजित 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में यह जानकारी दी। उन्होंने हमीरपुर के धनेटा, नादौन में प्रस्तावित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद एम्स लेकर कहा कि प्रदेश सरकार ने अपनी ओर से प्रस्तावित 1000 करोड़ रुपए की परियोजना में 300 करोड़ रुपए की हिस्सेदारी देने की प्रतिबद्धता जताई है।
करीब 70 एकड़ भूमि सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता भी प्रदेश सरकार ने की है। मंत्री के अनुसार प्रदेश की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं और अब संस्थान की स्थापना को लेकर निर्णय केंद्र सरकार को लेना है। इसके साथ ही राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर शिमला के रिज मैदान में तीन दिवसीय प्रदर्शनी भी शुरू हुई।
सुधीर शर्मा को जवाब
शिमला — कैबिनेट मंत्री यादवेंद्र गोमा ने नव निर्मित सीएम ऑफिस पर सुधीर शर्मा के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सीएम के नए दफ्तर और सोफा सेट को लेकर सुधीर शर्मा ने आरोप लगाए कि इतने करोड़ का बना है, तो मैं समझता हूं कि उनके घर से तो सीएम आफिस का खर्च कम ही हैं। उन्होंने कहा कि सीएम ऑफिस छोटा था और अगर समय के अनुसार उसको बढ़ाया गया है, तो उसमे परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा में कई गुट चल रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
