कालेज चौक मारपीट मामले का आरोपी चंडीगढ़ से अरेस्ट
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दूसरा अभी फरार, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई केस
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
बिलासपुर शहर के कॉलेज चौक पर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपी को चंडीगढ़ से दबोचने में सफलता हासिल की है। जानकारी के अनुसार अनमोल शर्मा निवासी बैहनाजट्टां तहसील झंडूता ने थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कॉलेज चौक के समीप सोनू तथा अंकित कुमार उर्फ डैंटी ने उसका रास्ता रोककर डंडे से मारपीट की और जान से मारने की धमकियां दीं। शिकायत के आधार पर थाना सदर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर आरोपी अंकित कुमार उर्फ डैंटी की लोकेशन का पता लगाया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अंकित कुमार उर्फ डैंटी निवासी गांव एवं डाकघर बरमाणा तहसील सदर जिला बिलासपुर को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
फंदा लगाकर दी जान, पुलिस ने दर्ज किया मामला
घुमारवीं। थाना घुमारवीं के तहत पलासला पंचायत के गांव गुग्गा मोहड़ा में 48 वर्षीय व्यक्ति ने घर के एक कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान प्रीतम सिंह 48 पुत्र स्वर्गीय गंगा राम निवासी गुग्गा मोहड़ाए डाकघर कपाहड़ाए तहसील घुमारवीं के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना घुमारवीं पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक विशेषज्ञ टीम से भी घटनास्थल की जांच करवाई। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल घुमारवीं में पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार व्यक्ति द्वारा यह कदम उठाए जाने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। थाना घुमारवीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
