Asian Games 2026 : मनु भाकर चूकीं, कोच को याद कर भावुक हुईं, रोशिबिना देवी फाइनल में पहुंचीं

By: Sep 24th, 2026 12:06 am

एजेंसियां— आइची-नागोया

एशियन गेम्स में महिला 10 मीटर एयर पिस्टल में पांचवें स्थान पर रहने के बाद मनु भाकर भावुक हो गईं। जसपाल राणा का नाम आते ही उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। राणा का कुछ महीने पहले 49 साल की उम्र में दिल से जुड़ी समस्या के कारण निधन हो गया था। पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली भाकर ने क्वालिफाइंग 579 का स्कोर बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया था, लेकिन फाइनल में वह 181.1 अंक ही बना पाईं। यह 24 वर्षीय खिलाड़ी अब 25 मीटर एयर पिस्टल में भाग लेंगी। पिछले कुछ महीने भाकर के लिए कठिन थे, जिसमें उन्होंने अपने कोच राणा को खोया।

बुधवार को मेडल से चूकने के बाद राणा के बारे में पूछे जाने पर भाकर ने कहा कि अगर बीता पूरा सफर याद करूं तो आप एक या दो चीजें याद नहीं रखते। वह सदैव आपकी यादों में रहते हैं। जब कोई शख्स आपके जीवन का अहम हिस्सा हो, तो आप भुला नहीं सकते।

रोशिबिना देवी फाइनल में पहुंचीं

भारत की रोशिबिना देवी ने महिला 60 किग्रा सांडा के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की थानिया कुसुमानिंगत्यास को दो राउंड में अंकों के आधार पर हराया। रोशिबिना का यह प्रदर्शन एशियन गेम्स में भारतीय वुशु का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन बराबर करेगा। हांगझोउ में सिल्वर जीतने वाली रोशिबिना इस बार गोल्ड या सिल्वर पक्का कर चुकी हैं। रोशिबिना मूल टीम का हिस्सा नहीं थीं। दिव्यांशी के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में जगह मिली थी। फाइनल में उनका सामना चीन की झांग शियाओयू से होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App