NIT में क्रेडिट आधारित मल्टीपल एंट्री, संस्थान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत व्यवस्था लागू
संस्थान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत व्यवस्था लागू, तकनीकी शिक्षा अब और लचीली
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— हमीरपुर
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रावधानों को अपने स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट स्तर के शैक्षणिक ढांचे में प्रभावी रूप से शामिल किया है। संस्थान ने विद्यार्थियों के लिए अधिक लचीली, बहुविषयक और कौशल आधारित शिक्षा व्यवस्था विकसित की है। इसकी शुरुआत संशोधित बी-टेक और बी-आर्क पाठ्यक्रमों से की गई है। संस्थान ने के्रडिट आधारित मल्टीपल एंट्री एवं मल्टीपल एग्जिट व्यवस्था लागू की है।
इसके तहत विद्यार्थियों को उनके द्वारा अर्जित क्रेडिट के आधार पर विभिन्न चरणों में औपचारिक शैक्षणिक योग्यता प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। निर्धारित क्रेडिट पूरा करने पर विद्यार्थी लागू प्रावधानों के अनुसार, सर्टिफिकेट (25 प्रतिशत क्रेडिट), डिप्लोमा (40 प्रतिशत क्रेडिट) और एडवांस्ड डिप्लोमा (60 प्रतिशत क्रेडिट) प्राप्त कर सकते हैं। एनआईटी हमीरपुर की रजिस्ट्रार एवं सीनेट की सचिव डॉ. अर्चना संतोष ननोटी ने कहा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का क्रियान्वयन उच्च शिक्षा को अधिक लचीला, विद्यार्थी-केंद्रित और बहुविषयक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं एनआईटी हमीरपुर के निदेशक एवं सीनेट के अध्यक्ष प्रो. एचएम सूर्यवंशी ने कहा कि पाठ्यक्रमों में किए गए बदलावों के साथ-साथ एनआईटी हमीरपुर क्षेत्रीय नोडल मेंटर संस्थान के रूप में भी कार्य कर रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
