दीपक चौहान ने नचाए दर्शक
चौगान में सिरमौर उत्सव की सांस्कृतिक संध्या में रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
स्टेपको सिरमौर उत्सव 2026 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या पहाड़ी लोक गायक दीपक चौहान के नाम रही। दीपक चौहान ने एक के बाद एक पहाड़ी गीतों की शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर झूमने पर मजबूर कर दिया। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में गीत-संगीत, नाटी और मॉडलिंग की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सिंगिंग कंपीटीशन से हुई, जिसमें जिला सिरमौर के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सिंगिंग प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका मनीष मुसाफिर, मोनिका और सरिता ने निभाई। इसके बाद आयोजित नाटी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हिमाचली लोक संस्कृति की खूबसूरत झलक पेश करते हुए समां बांध दिया। नाटी प्रतियोगिता में विपिन कौशल और मनीष ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इसके पश्चात जूनियर मॉडलिंग राउंड में नन्हे प्रतिभागियों ने अलग-अलग थीम और परिवेशों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि सीनियर मॉडलिंग राउंड ने कार्यक्रम में और अधिक आकर्षण जोड़ दिया। मॉडलिंग प्रतियोगिता में मीतत्री, अन्या कश्यप और आदि चौधरी निर्णायक रहे। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में हर्ष तोमर उपस्थित रहे, जबकि एडवोकेट प्रशांत ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। सम्मानित अतिथियों में कपिल तोमर (एचएएस), अनिल कुमार, उपमा धीमान (अध्यक्ष नगर परिषद नाहन), प्रदीप सहोत्रा (उपाध्यक्ष नगर परिषद नाहन), विशाल मेहरा, महेंद्र खाना और करण खाना शामिल रहे। सांस्कृतिक संध्या के अंत में स्टार कलाकार दीपक चौहान ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी दमदार प्रस्तुति ने दूसरी सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। इस दौरान दर्शकों की भी खूब दाद मिली।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
