द्रंग की प्राकृतिक नमक खदान का खुलेगा ताला, IBM देहरादून ने पास किया माइनिंग प्लान, फिर शुरू होगा उत्पादन

By: Sep 12th, 2026 12:01 am

आईबीएम देहरादून ने पास किया माइनिंग प्लान, द्रंग में फिर शुरू होगा चट्टानी नमक का उत्पादन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — गुम्मा(मंडी)

भारत की एकमात्र प्राकृतिक नमक खदान का ताला फिर खुलेगा। द्रंग में चट्टानी नमक निकालने का काम फिर शुरू होगा। आईबीएम देहरादून ने माइनिंग प्लान को मंजूरी दे दी है और अब हिंदोस्तान सॉल्ट लिमिटेड नमक निकालने के लिए ठेकेदारों से सेटलमेंट कर रहा है। द्रंग नमक खदान में करीब दो सालों से काम बंद पड़ा हुआ है। एचसीएल ने सस्पेंड की गई खदान में नमक निकालने के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। ऐसे में एक बार फिर चट्टानी नमक से पूरा हिंदुस्तान महक उठेगा। द्रंग नमक खदान को 16 अक्तूबर, 2024 को नियमों की अनदेखी के कारण सस्पेंड कर नमक निकालने पर रोक लगा दी गई थी, जो अभी तक जारी है।

बताया जा रहा है कि नमक खदान पर रोक लगाने का सबसे बड़ा कारण माइनिंग प्लान की अनुपालना न किया जाना रहा है। द्रंग नमक खदान पर लगे इस ताले को खुलवाने के लिए एचसीएल ने आईबीएम देहरादून से माइनिंग प्लान स्वीकृत करवा लिया है। इसके साथ ही जरूरी एनओसी भी हासिल कर ली हैं। नमक निकालने के लिए ठेकेदार भी तय कर लिए हैं और इन ठेकेदारों से फाइनल सेटलमेंट की जा रही है। इस सेटलमेंट के बाद द्रंग नमक खदान से नमक निकालने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

द्रंग में 116 मिलियन टन नमक का अनुमान

द्रंग के पहाड़ों में 116 मिलियन टन नमक होने का अनुमान है। अभी तक इस नमक का बहुत थोड़ा हिस्सा ही निकाला जा सका है। नमक खदान से हर साल 7200 टन नमक निकालने का लक्ष्य रहता है। आंकड़े बताते हैं कि यहां से साल 2018-19 में 17 टन, 2019-20 में 130 टन, 2020-21 में 424 टन, 2021-22 में 286 टन, 2022-23 में 1002 टन नमक निकाला गया है।

ठेकेदारों से सेटलमेंट होते ही शुरू होगी माइनिंग

एचसीएल के गुम्मा स्थित अधिकारी प्रेम सिंह ने बताया कि द्रंग नमक खदान फिर शुरू करने को सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और आईबीएम देहरादून से माइनिंग प्लान को अप्रूवल मिल गई है। ठेकेदारों से सेटलमेंट होते ही माइनिंग शुरू हो जाएगी। मंडी जिला माइनिंग अधिकारी तिलक राज ने बताया कि नमक की माइनिंग शुरू करने को एचसीएल को निर्देश दिए गए हैं। उम्मीद है कि जल्द खदान से फिर नमक निकाला जा सकेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App