युवाओं को भर्ती के लिए जागरूक करें पूर्व सैनिक
अर्की में पूर्व सैनिक सम्मान समारोह में विधायक संजय अवस्थी ने किया आह्वान ,सैनिक भवन के निर्माण के लिए 10 लाख का ऐलान
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बातल में बुधवार को पूर्व सैनिक लीग द्वारा पूर्व सैनिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इससे पहले उन्होंने अमर जवान शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।संजय अवस्थी ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए पूर्व सैनिकों ने अपना जीवन समर्पित किया है। उनका त्याग, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता हमेशा प्रेरणादायी रहेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं और मांगों को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।विधायक ने पूर्व सैनिकों से युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को शारीरिक विकास के प्रति जागरूक करना जरूरी है, ताकि वे नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
इस दौरान उन्होंने पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं तथा अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।संजय अवस्थी ने सैनिक भवन बातल के शेष निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये तथा एलईडी के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। पूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदम देव ठाकुर और पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा पूर्व सैनिकों से संबंधित विभिन्न समस्याओं से विधायक को अवगत करवाया।कार्यक्रम में नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा, ग्राम पंचायत बातल के प्रधान देवराज, पूर्व प्रधान रतन लाल शर्मा, पूर्व सैनिक लीग जिला सोलन के अध्यक्ष सूबेदार मेजर मोहनलाल शर्मा, डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झल्टा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार सहित पूर्व सैनिक, उनके परिजन और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
