पहले छीना मोबाइल फिर कर दिया अटैक
रायपुर सहोड़ा में तीन शातिरों ने दिया वारदात को अंजाम
नगर संवाददाता-ऊना
मैहतपुर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत रायपुर सहोड़ा में बुधवार रात पशुओं के बाड़े की ओर जा रहे युवक से बाइक सवार तीन अज्ञात शातिर मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। विरोध करने पर आरोपियों ने युवक पर हमला भी किया। वारदात के बाद तीनों बाइक पर सवार होकर संतोषगढ़ की ओर फरार हो गए। पुलिस को दी शिकायत में रायपुर सहोड़ा निवासी संजीव कुमार ने बताया कि वह रात करीब 9:30 बजे घर से अपने पशुओं के बाड़े की तरफ जा रहा था और उस समय फोन सुन रहा था। इसी दौरान संतोषगढ़ की तरफ से बाइक पर सवार तीन लोग उसके पीछे आकर रुके। एक व्यक्ति नीचे उतरा और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। एएसपी अजय राणा ने बताया कि पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
जहरीला पदार्थ निगलने से युवक की मौत
चुरुडू। उपमंडल अंब के धंधड़ी गांव में करीब 14 दिन पहले गलती से जहरीला पदार्थ पीने वाले 24 वर्षीय युवक की बुधवार शाम एम्स बिलासपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया था। हालत बिगडऩे पर परिजन उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। ऊना में भी हालत में सुधार न होने पर उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया था। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर जांच में जुटी हुई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
