भारत के सबसे बड़े रईस बने गौतम अडानी, दौलत के मामले में 59,400 करोड़ रुपए पीछे छूटे अंबानी
दौलत के मामले में अडानी से 59,400 करोड़ रुपए पीछे छूटे मुकेश अंबानी
एजेंसियां — मुंबई
जाने-माने उद्योगपति गौतम अडानी और उनके परिवार ने मुकेश अंबानी और उनके परिवार को पीछे छोडक़र हुरुन इंडिया रिच लिस्ट-2026 में पहला स्थान फिर से हासिल कर लिया है। अडानी की संपत्ति 13 फीसदी बढक़र 9.23 लाख करोड़ रुपए (96 बिलियन डालर) हो गई, जबकि अंबानी की संपत्ति 10 फीसदी घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपए (90 बिलियन डालर) रह गई। अब अडानी, अंबानी से 59,400 करोड़ रुपए आगे हैं। ताजा हुरुन लिस्ट में ऐसे 1,810 लोग शामिल हैं, जिनकी संपत्ति कम से कम 1,000 करोड़ रुपए है। उनकी कुल संपत्ति पिछले साल के मुकाबले 12.8 फीसदी बढक़र 187.5 लाख करोड़ रुपए (1.96 ट्रिलियन डालर) हो गई है, जो भारत की जीडीपी के लगभग आधे के बराबर है। भारत में अब रिकार्ड 391 अरबपति हैं, जबकि पांच साल पहले यह संख्या 237 थी। पिछले एक साल में देश में 27 नए अरबपति जुड़े हैं।
लिस्ट में आर्सेलर-मित्तल के एलएन मित्तल और उनका परिवार आठ पायदान ऊपर चढक़र तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। उनकी संपत्ति 93 फीसदी बढक़र 3.39 लाख करोड़ रुपए हो गई। मित्तल ने लिस्ट में सबसे ज्यादा संपत्ति (1.64 लाख करोड़ रुपए) जोडऩे का रिकार्ड बनाया। वेदांता रिसोर्सेज के अनिल अग्रवाल और उनके परिवार की संपत्ति 87 फीसदी बढक़र 2.08 लाख करोड़ रुपए हो गई, जिससे वह सात पायदान ऊपर चढक़र नौवें स्थान पर पहुंच गए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
