जूडो में चांदपुर स्कूल की छात्राओं का जलवा
छह स्वर्ण पदक जीतकर बनीं ओवरऑल चैंपियन, कुश्ती में झटका दूसरा स्थान
निजी संवाददाता – चांदपुर
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर की छात्राओं ने अंडर-14 छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। 21 से 22 सितंबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ में आयोजित प्रतियोगिता में चांदपुर स्कूल की छात्राओं ने जूडो में छह स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं, कुश्ती में भी खिलाडिय़ों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल कर जिला स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया। जूडो के 23 किलोग्राम भार वर्ग में नेहा, 27 किलोग्राम में पलक, 36 किलोग्राम में रोशनी, 40 किलोग्राम में रिद्धिमा, 44 किलोग्राम में अलीशा और 49 किलोग्राम भार वर्ग में भव्य शर्मा ने स्वर्ण पदक जीते।
वहीं 32 किलोग्राम भार वर्ग में वंशिका ने रजत पदक हासिल किया। इसके अलावा कुश्ती की बात करें तो कुश्ती में प्राची ने 39 किलोग्राम तथा दिव्यांशी ने 36 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं 33 किलोग्राम में कनिका और 30 किलोग्राम में वंशिका ने रजत, जबकि 42 किलोग्राम भार वर्ग में पलक ने कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद विद्यालय पहुंचने पर खिलाड़ी छात्राओं का स्कूल स्टाफ और विद्यार्थियों ने जोरदार स्वागत किया। प्रधानाचार्य प्रिया पोसवाल ने छात्राओं को उपलब्धि के लिए बधाई दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
