आईटीआई कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, पदोन्नति के पन्नों पर जल्द लगेगी मुहर

By: Sep 18th, 2026 12:52 am

प्रदेश स्टेट आईटीआई टेक्निकल एम्प्लॉइज एसोसिएशन ने रोहित राठौर के समक्ष प्रमुखता से उठाया इंस्ट्रक्टरों की पदोन्नति का मामला
निजी संवाददाता -रंगस, सुजानपुर
हिमाचल प्रदेश स्टेट आईटीआई टेक्निकल एम्प्लॉइज एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राजकीय आईटीआई रैल में तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक रोहित राठौर से मुलाकात कर आईटीआई में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा। मुलाकात के दौरान एसोसिएशन ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर चर्चा की, जिसमें इंस्ट्रक्टरों की पदोन्नति का मामला प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने निदेशक को अवगत करवाया कि इंस्ट्रक्टरों की पदोन्नति का मामला लंबे समय से लंबित है, जिसके कारण तकनीकी कर्मचारियों को अपने निर्धारित सेवा लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

एसोसिएशन ने विशेष रूप से बताया कि अगस्त 2023 के बाद से पदोन्नति का मामला लंबित है। निदेशक रोहित राठौर ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामले पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर संबंधित स्तर पर कार्य किया जाएगा तथा जल्द ही पदोन्नति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

दिग्गजों ने भरी हुंकार
एचपी स्टेट आईटीआई टेक्निकल एम्प्लॉइज एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष अनिल कुमार, महासचिव विशाल गौतम, कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार डोगरा, जिला हमीरपुर कार्यकारिणी के प्रधान बृजेश कुमार, महासचिव शशि पाल शर्मा, तिलक राज सहित एसोसिएशन की कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App