Haryana News : चौक पर शव रख जाम लगाया, कुरुक्षेत्र में कार साइड करने के विवाद में हत्या

By: Sep 20th, 2026 12:02 am

पुलिस कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

निजी संवाददाता- कुरुक्षेत्र

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गाड़ी साइड करने को लेकर हुए विवाद में घायल युवक ने शनिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 14 सितंबर की रात युवक पर कार सवारों ने लाठी-डंडों और तलवारों से हमला किया था। इसी के चलते शाम 4 बजे युवक के परिजनों ने पिहोवा के मेन चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही डीएसपी रणधीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े हैं। मृतक की पहचान पिहोवा के स्यालकोर्ट निवासी गुरप्रीत सिंह (29) के रूप में हुई। वहीं, गगनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे अपने दोस्त अभिषेक के साथ इनोवा कार से पिहोवा बाजार में घर का सामान लेने जा रहा था। पिहोवा चौक पर उसके ताऊ का बेटा गुरप्रीत भी कार में बैठ गया। इसी दौरान सफेद रंग की फॉर्च्यूनर कार उनकी कार के आगे आ गई।

गगनदीप के अनुसार, कार का ड्राइवर उनका रास्ता रोकने लगा। इसके बाद कार में सवार युवक उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। कुछ दूर आगे जाने के बाद कार सवारों ने अपनी गाड़ी रोक दी। गगनदीप ने भी कार रोककर गाली देने का कारण पूछा। इसी दौरान कार से कर्ण पंडित तलवार लेकर उतरा और उस पर हमला कर दिया। गगनदीप के अनुसार, इसी दौरान दूसरे आरोपी ने डंडे से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद कर्ण पंडित ने गुरप्रीत सिंह के सिर पर तलवार से कई वार किए। दूसरे आरोपी ने भी गुरप्रीत पर डंडे से हमला किया। इससे गुरप्रीत के सिर से खून बहने लगा। हमले में गगनदीप और गुरप्रीत दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनका दोस्त अभिषेक भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। परिजन दोनों को लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर गए। इसके बाद कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। शनिवार सुबह गुरप्रीत सिंह ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App