एचपी फ्यूचर्स दल ने जांचा पीएमश्री स्कूल नादौन

By: Sep 18th, 2026 12:51 am

कक्षाओं में दिखा प्रशिक्षण का प्रभाव, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की हुई सराहना
कार्यालय संवाददाता – नादौन
पीएमश्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन में एचपी फ्यूचर्स की पूरी टीम ने विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान टीम ने अध्यापकों को दिए गए शिक्षक प्रशिक्षण के प्रभाव तथा प्रशिक्षण के बाद कक्षा-कक्ष में अपनाई जा रही शिक्षण पद्धतियों के क्रियान्वयन का जायजा लिया। विद्यालय की ओर से जानकारी देते हुए संस्कृत अध्यापक आचार्य नरेश मलोटिया ने बताया कि यूनेस्को की अंतरराष्ट्रीय सलाहकार डा. एस्थर केयर, वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक नीतू बर्तवाल, एचपी फ्यूचर्स की राज्य समन्वयक शिवानी प्रशार, संचार विभाग से प्रियंका तथा शिक्षा मित्र, हमीरपुर के कुलवंत सिंह ने विद्यालय पहुंचकर विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों द्वारा अपनाई जा रही दक्षता आधारित शिक्षा एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया।

इस दौरान गणित विषय में अनु बाला, विज्ञान में संजीव कुमार, सामाजिक विज्ञान में तारा देवी तथा अंग्रेजी विषय में अनीता रानी की कक्षाओं का निरीक्षण किया गया। पूरी टीम ने कक्षा-कक्ष में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, प्रश्न पूछने एवं तर्क प्रस्तुत करने की क्षमता, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा विद्यार्थियों में विकसित किए जा रहे आधुनिक कौशलों पर विशेष ध्यान दिया। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को शिक्षकों द्वारा कक्षा-कक्ष में प्रभावी ढंग से लागू किए जाने पर दल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने एचपी फ्यूचर्स दल के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दक्षता आधारित एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा छात्रों में सीखने, चिंतन करने, तर्क करने, समस्या का समाधान करने तथा अपने विचार प्रभावी ढंग से व्यक्त करने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App