चुनाव में हार ‘नॉर्मल रूटीन’ नहीं होती, नेता प्रतिपक्ष जयराम ने सीएम सुक्खू के बयान पर कसा तंज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी और वर्तमान राजनीतिक हालात से विचलित हैं और हार की हताशा उनके चेहरे पर साफ नजर आ रही है। जिला परिषद अध्यक्ष के चुनाव में हार के बाद मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया में इसे ‘नॉर्मल रूटीन’ बताने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या इतने ‘नॉर्मल रूटीन’ काम के लिए सरकार लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही थी? जयराम ठाकुर ने कहा कि क्या ‘नॉर्मल रूटीन’ काम के लिए सरकार ने बार-बार न्यायालय में जाकर अपनी फज़़ीहत करवाई?
इतने ‘नॉर्मल रूटीन’ के काम के लिए सत्ता के दुरुपयोग के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। क्या ‘नॉर्मल रूटीन’ के काम के लिए सरकार ने सारे अधिकारियों को जिला पंचायत सदस्यों को प्रताडि़त करने के लिए लगा दिया था? हार की हताशा में मुख्यमंत्री इस तरह की बातें कर रहे हैं। जयराम ने कहा कि इससे पहले सीएम जिला परिषद और ब्लॉक समिति के सदस्यों की वैल्यू को ‘एक दिन’ का बताकर जनादेश और न्यायालय पर टिप्पणी करके अपने लोकतंत्र और संविधान विरोधी विचार सामने ला चुके हैं।
जयराम बोले; कैबिनेट मीटिंग रद्द, जन संवाद भी टला
जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस के राजनीतिक हालात खराब हो चुके हैं। पहले से निर्धारित कैबिनेट की बैठक रद्द कर दी गई है। अब जन संवाद भी टल गया है। सभी नेता दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। कांग्रेस आलाकमान के यहां पंचायत चल रही है। सरकार में क्या चल रहा है? प्रदेश में क्या चल रहा है? कांग्रेस का कौन सा गुट मौके पर हावी है, ये बातें मुख्यमंत्री को बतानी चाहिए। मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि प्रदेश में आखिर चल क्या रहा है?
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
