भारी लैंडस्लाइड, दुनिया से कटा रोहड़ू का गांव, मलबा गिरने से सुंदरू खड्ड का बहाव भी रुका, फिलहाल खतरा नहीं

By: Sep 29th, 2026 12:01 am

जांगलिख के 800 लोगों पर आई आफत; मलबा गिरने से सुंदरू खड्ड का बहाव भी रुका, फिलहाल खतरा नहीं

स्टाफ रिपोर्टर — रोहडू

उपमंडल रोहड़ू के जांगलिख क्षेत्र के समीप सुंदरू खड्ड के साथ लगती पहाड़ी से भारी मात्रा में लैंडस्लाइड होने से जांगलिख क्षेत्र के करीब आठ सौ लोगों का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है। इस भारी भूस्खलन का मलबा सुंदरू खड्ड में समाने से इसका बहाव भी रुक गया है। हालांकि इससे फिलहाल किसी बड़े खतरे की आंशका नहीं है। यह घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामोत्रा ने नायब तहसीलदार धमवाडी को मौके पर भेजकर मौके की रिपोर्ट मांगी। इसके साथ ही इस स्थान पर मोटर योग्य सडक़ एवं पैदल चलने के लिए सुरक्षित मार्ग तैयार करने की पहल जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि इस स्थान पर भारी भूस्खलन होने से सुंदरू खड्ड पर पानी का जमाव जरूर हुआ है, लेकिन इससे फिलहाल किसी प्रकार के बड़े खतरे का अंदेशा नहीं है।

हालांकि ऐसी परिस्थिति में पब्बर नदी के आसपास रहने वाले रिहायशी क्षेत्र के लोगों को नदी किनारे जाने से बचने की सलाह विभिन्न सूचना माध्यमों से दे दी गई है। भारी भूस्खलन होने से पैदा इस संकट को लेकर स्थानीय पंचायत के वार्ड सदस्य प्रीतम सिंह ने बताया कि सडक़ बंद होने से गांव में करीब आठ गाडिय़ां फंस गई हैं। वहीं, यहां के लोग गांव पहुंचने के लिए नई पुल वाले निर्माण स्थल के साथ लगे झूले में जान जोखिम में डालकर गंतव्य तक पहुंच रहे है। सरकार एवं प्रशासन से गुहार है कि यहां से ग्रामीणों के लिए जल्द एक पैदल व सुरक्षित पुल का निर्माण किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App