सांसद सुरेश कश्यप से मुलाकात

By: Sep 20th, 2026 12:53 am

पांवटा साहिब में सीसीआई राजबन प्लांट की समस्याओं को लेकर मिले पंचायत प्रधान और यूनियन पदाधिकारी
कार्यालय संवाददाता- पांवटा साहिब
जिला सिरमौर में स्थित सीसीआई सीमेंट प्लांट राजबन से जुड़ी लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं और स्थानीय जनहित के मुद्दों को लेकर शनिवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप से उनके आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद सदस्य रोहित चौधरी, क्षेत्र के पंचायत प्रधान सुंदर सिंह सहित सीसीआई वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को अवगत करवाया कि सीमेंट प्लांट क्षेत्र का सबसे बड़ा औद्योगिक संस्थान है, लेकिन पिछले कुछ समय से प्लांट से जुड़ी कई समस्याओं के कारण स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में रोष है।

बैठक में मुख्य रूप से प्लांट के संचालन, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, क्षेत्र के विकास कार्यों में सीएसआर के तहत सहयोग, पर्यावरण से जुड़े मुद्दे तथा कर्मचारियों से संबंधित लंबित मांगों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत प्रधान सुंदर सिंह ने बताया कि प्लांट के आसपास के गांवों के लोग कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं और प्लांट प्रबंधन से कई बार आग्रह के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है। इस पर सांसद सुरेश कश्यप ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना। सांसद ने कहा कि जनहित से जुड़े किसी भी मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App