मेरा युवा भारत ऊना ने शुरू किया सेवा पखवाड़ा
दो अक्तूबर तक होंगे स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान और सेवा से जुड़े कार्यक्रम
स्टाफ रिपोर्टर – ऊना
मेरा युवा भारत ऊना की ओर से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशानुसार गुरुवार को सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ हुआ। यह पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक मनाया जा रहा है। इस दौरान जिले में स्वच्छता श्रमदान, पौधरोपण, रक्तदान शिविरों में सहयोग तथा दिव्यांगों और बुजुर्गों की सेवा से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत नवज्योति यूथ वेलफेयर सोसायटी संतोषगढ़, नेहरू युवा मंडल बुढ़वार, शहीद भगत सिंह मैमोरियल क्लब लठियाणी, सरदार भगत सिंह क्लब सनोली माजरा और नेहरू युवा मंडल अंबेहड़ा के समन्वय से कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों से जोडऩा है। सेवा पखवाड़े की पहली कड़ी में 17 सितंबर को माय भारत के स्वयंसेवकों ऋषभ, अभिषेक, तुषार और प्रदीप सिंह ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में आयोजित रक्तदान शिविर में सक्रिय भागीदारी की।
यह रक्तदान शिविर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इसी दिन नवज्योति यूथ वेलफेयर सोसायटी संतोषगढ़ और एनएसएस इकाई एसवीएसडी पीजी कालेज भटोली के समन्वय से कालेज परिसर में स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संस्था के प्रधान नवीन माहे, जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार, कालेज की एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डा. लिली ठाकुर सहित 15 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। स्वयंसेवकों ने कालेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
समाज सुधार के मैदान में उतरे युवा
जिला युवा अधिकारी ने कहा कि सेवा पखवाड़े के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की सहभागिता से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
