गानों से मोहित ने जीता नादौन, दर्शकों ने तालियों से लुटाया प्यार

By: Sep 12th, 2026 12:50 am

पंजाबी-पहाड़ी गीतों पर जमकर नाचे दर्शक, पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में खूब जमा रंग
कार्यालय संवाददाता – नादौन
नादौन कार्निवल में बुधवार शाम पांचवीं सांस्कृतिक संध्या प्रदेश के प्रसिद्ध गायक एवं देहरा क्षेत्र निवासी मोहित गर्ग के नाम रही। संध्या के दौरान मोहित ने मंच पर आते ही धमाल मचा दी। रोहित ने पंजाबी, हिंदी तथा पहाड़ी गानों के साथ अपने लिखे हुए गाने गा कर दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने दर्शकों के बीच पहुंच कर पंंडाल में बैठे दर्शकों को खूब नचाया। मोहित ने दिव्य हिमाचल के प्रयासों की जम कर सराहना की उन्होंने कहा कि ‘दिव्य हिमाचल’ के प्रयासों से प्रदेश के कलाकारों को बड़ा मंच मिल रहा है।

इससे पूर्व जिला हमीरपुर के मैहरे से प्रसिद्ध शर्मा बैंड ने भी विभिन्न धुनें बजा कर अपनी प्रस्तुति दी। बैंड के मालिक सन्नी शर्मा ने भी स्वयं पहाड़ी गाने गाकर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रसिद्ध कलाकार एवं नादौन निवासी राजीव जस्सल मंच संचालन कर रहे हैं। संध्या के आरंभ होने के बाद से ही मेले के पंडाल में भारी भीड़ हो रही है। लोगों में अपने चहेते कलाकारों को लेकर भारी उत्साह देखा गया। गौर हो कि आगामी 14 सितंबर तक प्रदेश के नामी गायक कार्निवल में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

स्थानीय कलाकारों को भी मिलेगा मंच
प्रसिद्ध पहाड़ी गायक भी नादौन आ रहे हैं। समय की उपलब्धता के आधार पर मंच पर स्थानीय कलाकारों को भी स्थान दिया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App