विदेश गए अफसर, कैबिनेट मीटिंग अभी नहीं, वित्त सचिव देवेश कुमार ब्राजील रवाना, सुधादेवी संभालेंगी काम
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
हिमाचल सरकार की सीनियर ब्यूरोके्रसी इस महीने विदेश दौरे पर रहने वाली है। इस कारण 29 सितंबर तक कैबिनेट की बैठक भी नहीं हो पाएगी। मुख्य सचिव के लौटने के बाद अब अक्तूबर के पहले सप्ताह में ही बैठक संभव लग रही है। राज्य सरकार के फाइनांस सेक्रेटरी देवेश कुमार अभी ब्राजील के दौरे पर गए हैं। उनके साथ शहरी विकास विभाग के अधिकारियों का दल भी गया है। देवेश कुमार के पास मौजूद फाइनांस पीडब्ल्यूडी और पशुपालन का अतिरिक्त कार्यभार कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव एम सुधा देवी को दिया गया है। इसके बाद मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत और ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आरडी नजीम भी चीन दौरे पर जा रहे हैं। ये दोनों अधिकारी इस महीने के आखिरी सप्ताह में वापस लौटेंगे। जापान दौरे पर गए जलशक्ति विभाग और तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अभिषेक जैन अब मनीला दौरे पर जा रहे हैं।
यदि देश के भीतर दौरों की बात करें तो सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सचिव चंद्र प्रकाश वर्मा विभागीय दौरे के तहत लेह जा रहे हैं। अधिकारियों के इन दौरों के कारण इनका अतिरिक्त कार्यभार अन्य अधिकारियों को देना पड़ेगा। सितंबर महीने के दूसरे सप्ताह में रखी गई कैबिनेट की बैठक नहीं हो पाई थी, लेकिन अब ब्यूरोके्रसी के दौरों के कारण इस महीने कैबिनेट की बैठक करना संभव नहीं लग रहा। मुख्य सचिव के वापस आने के बाद अब अक्टूबर में ही मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई जा सकती है। कल हालांकि मुख्यमंत्री सुक्खू की शिमला वापसी के बाद आगामी कार्ययोजना स्पष्ट होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
